Saturday, July 27, 2024

भाजपा ने बनाए आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पंजाब और झारखंड में नए प्रदेश अध्यक्ष

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव और आगामी विधान सभा चुनावों की तैयारियों को देखते हुए भाजपा ने संगठन के स्तर पर फेरबदल की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाजपा संगठन में फेरबदल की इसी प्रक्रिया के तहत मंगलवार को भाजपा आलाकमान ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पंजाब और झारखंड में नए प्रदेश अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डी. पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, वर्तमान केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को चुनावी राज्य तेलंगाना का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा कांग्रेस से भाजपा में आए सुनील जाखड़ को पंजाब प्रदेश की कमान सौंपी गई है तो वहीं झारखंड में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसी क्रम में भाजपा आलाकमान ने इसी वर्ष होने वाले विधान सभा चुनाव के मद्देनजर तेलंगाना में वर्तमान केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के साथ ही राज्य के पूर्व मंत्री एटेला राजेंद्र को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही नड्डा ने पिछले दिनों कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरन कुमार रेड्डी को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारणी का सदस्य भी नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति कहा गया है कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया है और ये तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। बता दें कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पंजाब में सुनील जाखड़ को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने के बाद राज्य में कई बदलाव किए जा सकते हैं। समझा जा रहा है कि सुनील जाखड़ हिंदू और जाट समुदाय का साझा चेहरा होने के कारण 2024 के चुनाव में बीजेपी को फायदा पहुंचा सकते हैं। गौरतलब है कि सुनील जाखड़ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री बनने से नाराज सुनील जाखड़ ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया था और सुनील जाखड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे। हालांकि सुनील जाखड़ के भतीजे संदीप जाखड़ अबोहर से कांग्रेस विधायक हैं।

 

ताजा खबरे