Saturday, July 27, 2024

रोहित शेट्टी ने की पुष्टि, अजय देवगन के साथ बनाएंगे सिंघम 3

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स के प्रशंसकों के लिए फिल्म जगत से एक खुशखबरी आई है। सिंघम और सिंघम रिटर्न्स के जरिए रोहित और अभिनेता अजय देवगन ने खूब धमाल मचाया था। रोहित ने पुष्टि की है कि वह इस फिल्म फ्रैंचाइज की नई फिल्म बना रहे हैं। रोहित की टीम सिंघम 3 पर काम कर रही है। इसकी शूटिंग अगले साल अप्रैल में शुरू होगी। बता दें सिंघम 2011 तो सिंघम रिटर्न्स 2014 में रिलीज हुई थी।

फिलहाल रोहित अपनी आने वाली फिल्म सर्कस की शूटिंग खत्म करने पर ध्यान दे रहे हैं। इस फिल्म में अभिनेता रणवीर सिंह हैं। इसके अलावा वह दक्षिण अफ्रीका में एडवेंचर रिएलिटी शो खतरों के खिलाड़ी 12 की शूटिंग कर रहे हैं। इन सबके बाद अगले साल अप्रैल में वह सिंघम 3 की शूटिंग शुरू करने वाले हैं।
रणवीर स्टारर सिंबा और अक्षय कुमार स्टारर सूर्यवंशी भी इस फिल्म फ्रैंचाइज का हिस्सा हैं। हालांकि, रोहित और अजय की जोड़ी लंबे समय बाद साथ आई है। रोहित के अनुसार यह उनका अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट होगा। उन्होंने कहा कि सिंघम 2 टीवी पर सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फिल्मों में से एक है। अब बहुत कुछ बदल चुका है और वह लंबे समय से अजय के साथ कुछ बनाना चाहते थे।

रोहित और अजय सिंघम के अलावा गोलमाल फ्रैंचाइज से भी धूम मचा चुके हैं। इस फ्रैंचाइज की चार फिल्में बन चुकी हैं। गोलमाल (2006), गोलमाल रिटर्न्स (2008), गोलमाल 3 (2010) और गोलमाल अगेन (2017) ने लोगों का खूब मनोरंजन किया।
पुलिस के किरदारों पर आधारित रोहित की फिल्म उनकी कॉप यूनिवर्स के नाम से जानी जाती हैं। अपनी कॉप यूनिवर्स को अब रोहित ओटीटी पर लाने जा रहे हैं। रोहित प्राइम वीडियो पर इंडियन पुलिस फोर्स नाम की वेब सीरीज बना रहे हैं। इस सीरीज में अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार रोहित इस सीरीज में अब तक के काम से काफी खुश हैं। इसकी शूटिंग इस साल अक्टूबर-नवंबर तक पूरी हो जाएगी। रोहित के अनुसार अभी वह सिंघम 3 पर ध्यान देना चाहते हैं और इसके अलावा उनके पास और कोई प्रोजेक्ट नहीं है। हालांकि, कुछ दिन पहले रणवीर सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया था कि निर्माता सिंबा 2 बनाने की योजना बना रहे हैं। रणवीर और सारा अली खान स्टारर सिंंबा 2018 में रिलीज हुई थी। रोहित की अगली फिल्म सर्कस इस साल दिसंबर में रिलीज होगी। इस फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य किरदार में हैं।

ताजा खबरे