देहरादून। पुलिस प्रशासन की लापरवाही व अनदेखी के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीर्थ यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। यहां मंगलवार को धरासू-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर राड़ी टॉप से लेकर दोबाटा तक यात्री तीन घंटे तक जाम से जूझते रहे। हालांकि सूचना के बाद पुलिस के दो सिपाई मौके पर पहुंचे, जिसके बाद यात्रियों और चालकों की मदद से जाम खुलवाया जा सका।
मंगलवार को धरासू-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओरछा बैंड से पोल गांव तथा ओरछा बैंड से राड़ी टॉप तक जाम लगा रहा। यहां ऋषिकेश से यमुनोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन के बाद गंगोत्री धाम को जाने वाले तीर्थयात्री तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे। लम्बे समय तक जाम को खुलते न देख यात्री अपने-अपने वाहनों से बाहर उतरे ओर खुद ही जाम को खुलवाने में जुट गए।
इसके बाद भी जब स्थिति नही सुधर पाई तो यात्रियों ने इसकी सूचना जिला व पुलिस प्रशासन को दी। एक घंटे के बाद बड़कोट पुलिस के दो जवान मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 11:30 बजे यातायात सुचारू किया जा सका। इस दौरान विभिन्न विभागों के सरकारी कर्मचारियों सहित स्थानीय लोग भी जाम में फंसे रहे और बड़कोट पहुंचने में करीब पांच घंटे का इंतजार करना पड़ा।
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह जाम की स्थिति बनी है। मंगलवार सुबह खरादी से गंगोत्री धाम के दर्शनों को निकले थे। लेकिन यहां तीन घंटे से जाम में फंसे हैं। जाम कब खुलेगा इसका कुछ अंदाजा नही लगाया जा सकता है। इसके लिए पुलिस प्रशासन दोषी है।
राम भाई पटेल, निवासी गुजरात, तीर्थ यात्री
नौगांव में सरकारी कामकाज निपटाने के लिए सुबह छह बजे उत्तरकाशी से निकला था। लेकिन 8.30 से जाम में फंसा हूं। 11 बजने को है अभी तक जाम नही खुल पाया है। यात्री व वाहन चालक स्वयं जाम को खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं।
विजय भट्ट, स्वास्थ्य विभाग उत्तरकाशी ।
ओरछा बैंड पर जाम लगे होने की सूचना मिली है, जिसको खुलवाने हेतु तत्काल बड़कोट थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया है। वहीं अगले दिवसों में जाम न लगे इसके लिए पुलिस कर्मी तैनात करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
अपर्ण यदुवंशी, एसपी उत्तरकाशी।