पिथौरागढ़ में सीमांत कनेक्टिविटी होगी मजबूत: तवाघाट-घटियाबागड़ खंड के संवेदनशील स्थलों के लिए 228 करोड़ की स्वीकृति

Blog
 Image

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के लिए केंद्र सरकार की ओर से मिली एक बड़ी सौगात का स्वागत करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्र सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। केंद्र सरकार ने राज्य में भूस्खलन प्रभावित स्थलों के उपचार एवं मरम्मत कार्यों के लिए कुल 461 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश की सड़क अवसंरचना को नई मजबूती देने वाला और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाला महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस स्वीकृति के तहत उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर भूस्खलन से प्रभावित 17 स्थलों के उपचार के लिए 233 करोड़ रुपये तथा पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर 3 संवेदनशील स्थलों के सुधार के लिए 228 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। इन कार्यों से आपदा जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकेगा और दुर्गम व सीमांत क्षेत्रों में आवागमन सुगम हो जाएगा। सीएम धामी ने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग-134 का जिक्र करते हुए कहा कि यह मार्ग चारधाम यात्रा का प्रमुख हिस्सा है, जो धरासू एवं कुठनोरी से यमुनोत्री धाम को जोड़ता है। यह क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील रहा है। कई बार भूस्खलन के कारण यातायात बाधित हो जाता है और यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित मरम्मत कार्यों के पूरा होने के बाद इस मार्ग की स्थिरता बढ़ेगी और चारधाम यात्रा अधिक सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी। इससे धार्मिक यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसी प्रकार राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर तवाघाट-घटियाबागड़ खंड में भूस्खलन प्रभावित स्थलों के उपचार से सीमांत क्षेत्रों तक निर्बाध संपर्क स्थापित होगा। यह न केवल स्थानीय निवासियों के लिए लाभदायक होगा, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह स्वीकृति राज्य में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, चारधाम यात्रा को सुगम बनाने और सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। हमारी सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और नागरिकों की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भूस्खलन उत्तराखंड की एक बड़ी समस्या रही है, खासकर मानसून के दौरान। इन 461 करोड़ रुपये के कार्यों से प्रभावित सड़कों को स्थायी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इससे न केवल यातायात की सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि आर्थिक गतिविधियां भी बेहतर होंगी। स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रा से जुड़े हितधारकों ने इस घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि स्वीकृत राशि का समयबद्ध उपयोग कर कार्य पूर्ण किए जाएंगे, ताकि आगामी यात्रा सीजन में इन मार्गों पर कोई परेशानी न हो।