बुलडोजर से पुष्पवर्षा के बीच खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, CSD कैंटीन से खुद सामान खरीदकर की शुरुआत

Blog
 Image

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को एक बड़ी सौगात देते हुए नवनिर्मित सीएसडी कैंटीन का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान नगर में मुख्यमंत्री का ऐसा भव्य स्वागत हुआ जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में है। सीएम धामी के काफिले के पहुंचने पर सड़क किनारे खड़े बुलडोजर से उन पर फूलों की भारी वर्षा की गई, जिसे देख स्थानीय लोग और कार्यकर्ता जोश से भर गए। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री के लिए व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उनके पिता सूबेदार स्व. शेर सिंह धामी की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित 'सैनिक सम्मान समारोह' में मुख्यमंत्री ने शिरकत की। एक सैनिक पुत्र के रूप में सीएम धामी ने वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद परिवारों के परिजनों को सम्मानित करते हुए भावुक नजर आए। कैंटीन का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं वहां से सामान खरीदकर सेवा की शुरुआत की। उन्होंने कहा, "कैंटीन खुलने से खटीमा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों सेवारत एवं पूर्व सैनिक परिवारों को अब सामान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह हमारे वीर जवानों के प्रति राज्य सरकार के सम्मान का एक छोटा सा प्रयास है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, उनके परिवार और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार 'सैनिक धाम' के संकल्प के साथ प्रदेश के हर सैनिक परिवार के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उद्घाटन समारोह के दौरान 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।