देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली है कि अप्रैल की गर्मी के बीच लोगों को एक बार फिर कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा है। पिछले 24 घंटों से राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रही लगातार बारिश के कारण तापमान में सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस अचानक आए बदलाव से दून समेत कई शहरों में लोगों ने दोबारा स्वेटर और जैकेट निकाल लिए हैं।
गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। सुबह के समय बारिश होने के कारण दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और बाजार जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली, जिससे यातायात प्रभावित रहा। दिनभर आसमान में बादलों का डेरा रहा और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के पांच पहाड़ी जिल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अगले 24 घंटे चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की प्रबल संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मैदानी क्षेत्रों में हालांकि मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की उम्मीद है, लेकिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। राजधानी देहरादून की बात करें तो यहाँ अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 14°C के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

