Saturday, July 27, 2024

कच्छ के जखाऊ में जमीन से टकरा सकता है बिपरजॉय, भारी तबाही की चेतावनी

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img
गुजरात के तटों की तरफ बढ़ रहा चक्रवात बिपरजॉय बेहद खतरनाक रूप ले चुका है। आज शाम चार से रात आठ बजे के बीच कच्छ के जखाऊ में जमीन से टकराने की आशंका है। मौसम विभाग ने इससे भारी तबाही की चेतावनी दी है।
 
गुजरात की ओर बढ़ते चक्रवात बिपरजॉय पर लगातार अधिकारियों की नजर है। एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने कहा कि सुरक्षा को देखते हुए मछली पकड़ने वाली नौकाओं को समुद्र में जाने से रोक दिया है। बड़े जहाजों को गहरे समुद्र में भेज दिया गया है। साथ ही 4,000 से अधिक होर्डिंग्स को हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि  नमक बनाने वाले श्रमिकों और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। इसके साथ ही अधिकारियों ने गुजरात में लगभग 1 लाख लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
गुजरात में बिपरजॉय के टकराने से पहले ही स्थिती खराब हो गई है। यहां भारी बारिश हो रही है। इससे बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है। वहीं, तेज हवाएं भी चल रही है। मौसम विभाग लगातार तूफान की चेतावनी दे रहा है। 
 
वहीं, गांधीनगर के राहत कमिश्नर आलोक पांडेय ने बताया कि बिपरजॉय की गति थोड़ी घटी है, लेकिन 110 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। उन्होंने कहा कि इतनी रफ्तार से हवाएं चलना बहुत खतरनाक है। 
 
चक्रवात बिपरजॉय गुजरात तट से 200 किलोमीटर से भी कम दूरी पर रह गया है। बताया जा रहा है शाम तक ये टकरा जाएगा। साथ ही भारी बारिश और तूफान के बढ़ने की आशंका के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले 74,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 
 
प्रशासन ने कच्छ जिले में समुद्र के किनारे से सटे 10 किमी तक करीब 120 गांवों से लोगों को स्थानांतरित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बिपरजॉय के जखाऊ बंदरगाह के पास बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकराने की उम्मीद है, जिसमें अधिकतम हवा की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

ताजा खबरे