देहरादून। उत्तराखंड में सत्ता की हैट्रिक लगाने और चुनावी माहौल को नई बुलंदियों पर ले जाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने सबसे बड़े 'स्टार प्रचारक' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत की तैयारी पूरी कर ली है। आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी देहरादून के प्रवास पर रहेंगे, जहां वे न केवल प्रदेश को विकास कार्यों की सौगात देंगे, बल्कि कार्यकर्ताओं में जीत का नया जोश भी भरेंगे।
प्रधानमंत्री का दौरा विकास और राजनीति का अद्भुत संगम होने वाला है। पीएम मोदी हेलिकॉप्टर से गणेशपुर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से उनका काफिला एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से होते हुए ऐतिहासिक डाटकाली मंदिर पहुंचेगा। इस दौरान वह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण भी करेंगे, जो उत्तराखंड के लिए कनेक्टिविटी के नए द्वार खोलेगा। भाजपा संगठन ने प्रधानमंत्री के स्वागत को 'ऐतिहासिक' बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। डाटकाली मंदिर से लेकर गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड तक के रास्ते को फूलों से सजाया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, सड़क के दोनों ओर 30,000 से अधिक कार्यकर्ता खड़े होकर प्रधानमंत्री पर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके लिए देहरादून, हरिद्वार और सहारनपुर से कई टन गुलाब की पंखुड़ियों का विशेष प्रबंध किया गया है। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरों के बाद अब प्रधानमंत्री की इस रैली को भाजपा का 'मास्टरस्ट्रोक' माना जा रहा है। इस रैली में देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, नरेंद्रनगर और उत्तरकाशी समेत पांच संगठनात्मक जिलों के हजारों कार्यकर्ता जुटेंगे। पीएम मोदी रैली के दौरान पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद कर 'सफलता का मंत्र' साझा करेंगे, ताकि राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का रिकॉर्ड कायम किया जा सके। रैली की भव्यता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं मोर्चे पर हैं। बृहस्पतिवार को सीएम धामी एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेंगे, जिसमें संगठन के प्रदेश अध्यक्ष और सभी वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। भाजपा का दावा है कि पीएम की यह रैली चुनावी फिजा बदल देगी और विरोधियों के लिए चुनौतियां बढ़ा देगी।

