हरिद्वार में दो गैंगरेप के पीछे वही आरोपी, पुलिस जांच में चौंकाने वाला पैटर्न उजागर

Blog
 Image

उत्तराखंड में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी देहरादून से लेकर उधम सिंह नगर और हरिद्वार तक लगातार सामने आ रही वारदातें चिंता का विषय बनी हुई हैं। इसी क्रम में हरिद्वार जिले के रुड़की से सामने आई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। रुड़की के एक ही गांव में दो अलग-अलग महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों मामलों में आरोपी एक ही हैं।

पहली घटना रुड़की कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला से जुड़ी है। पीड़िता का पति ईंट भट्टे पर काम करता है और करीब छह महीने पहले काम के सिलसिले में कोटद्वार गया हुआ था। इसी दौरान पति का एक दोस्त महिला के घर आने-जाने लगा। आरोप है कि एक दिन उसने महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। महिला के बेहोश होने पर आरोपी ने अपने दो साथियों को बुलाया और तीनों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान एक आरोपी ने पूरी घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया। पीड़िता के अनुसार, इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मानसिक रूप से टूट चुकी महिला ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मेहरबान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पहले मामले की जांच अभी चल ही रही थी कि उसी गांव से जुड़ा एक और चौंकाने वाला मामला सामने आ गया। मेरठ निवासी एक महिला, जो वर्तमान में हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में रह रही थी, ने भी रुड़की कोतवाली में गैंगरेप की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसकी जान-पहचान एक युवक से हुई थी, जिसने उसे चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। नशे की हालत में आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां उसने दोस्तों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घटना का भी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दूसरे मामले में शामिल आरोपी वही हैं, जिन्हें पहले मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों ही मामलों में आरोपियों की कार्यप्रणाली एक जैसी है और आरोपी एक ही गिरोह के सदस्य हैं। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि यह गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं और भी महिलाएं तो इस गिरोह का शिकार नहीं हुई हैं। दोनों घटनाओं में समान पैटर्न पहले भरोसा जीतना, फिर नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करना, दुष्कर्म करना और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना ने एक संगठित अपराध गिरोह की आशंका को मजबूत किया है। गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मजबूत चार्जशीट तैयार की जा रही है। साथ ही पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। रुड़की की यह घटना न केवल कानून व्यवस्था की पोल खोलती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अब और सख्त व ठोस कदम उठाने की जरूरत है।