ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तीनधारा क्षेत्र में सैनिक होटल के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सीधे अलकनंदा नदी में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में तीन लोग सवार थे, जो हादसे के बाद से लापता बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।जिला कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर रेस्क्यू टीम ने पाया कि वाहन नदी में गिर चुका है, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बाद ढालवाला पोस्ट से एसआई दीपक जोशी के नेतृत्व में एक और टीम को भी मौके पर भेजा गया।
एसडीआरएफ की टीमें राफ्ट और डीप डाइविंग उपकरणों की मदद से अलकनंदा नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। नदी का तेज बहाव और गहराई रेस्क्यू कार्य में चुनौती पैदा कर रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन में वास्तव में तीन ही लोग सवार थे या संख्या अधिक थी। लापता लोगों की पहचान और उनके गृह जनपद की जानकारी भी जुटाई जा रही है।हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को सूचना देने और बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर्वतीय और संवेदनशील मार्ग माना जाता है, जहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। फिलहाल सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं।

