आयुष विभाग पहली बार रांची विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कर रहा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राजकीय कार्यक्रम

Blog
 Image

रांची।21 जून को पूरी दुनिया के साथ-साथ झारखंड भी योग के रंग में रंगा नजर आएगा। इस वर्ष 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' का मुख्य राजकीय कार्यक्रम राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित रांची विश्वविद्यालय के 'शताब्दी दीक्षांत मंडप' में आयोजित किया जा रहा है। आयुष विभाग की देखरेख में होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजकीय कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:00 बजे से होगी, जबकि वैश्विक गाइडलाइन (योग प्रोटोकॉल) के अनुसार सुबह 7:00 बजे से सामूहिक योगाभ्यास शुरू होगा, जो कुल 45 मिनट तक चलेगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं और योग साधकों का सुबह 5:00 बजे से ही दीक्षांत मंडप में जुटना शुरू हो जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी राज्यवासियों से योग को दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ रहने की अपील की। इस दौरान उन्होंने योग को लेकर एक बड़ा बयान भी दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा "योग हमारी समृद्ध भारतीय परंपरा और जीवनशैली का एक अभिन्न हिस्सा है, जिसे हर व्यक्ति अपने-अपने तरीके से करता आ रहे है। केंद्र सरकार भले ही पिछले कुछ वर्षों से इसे एक बड़े 'इवेंट' के रूप में आयोजित कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि इस्लाम में पढ़ी जाने वाली पांच वक्त की नमाज भी योग का ही एक स्वरूप (हिस्सा) है, जिसे हम मुस्लिम समुदाय के लोग सदियों से करते आ रहे हैं। राज्य योग सेंटर की मुख्य योग प्रशिक्षक डॉ. अर्चना कुमारी ने बताया कि यह पहला मौका है जब आयुष विभाग द्वारा रांची विश्वविद्यालय के इतने बड़े परिसर में राजकीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी गई थी, तब इसके सफल संचालन के लिए एक विशिष्ट प्रोटोकॉल भी पारित किया गया था। कल दीक्षांत मंडप में होने वाला योगाभ्यास मूल रूप से उसी 'अष्टांग योग' के वैश्विक प्रोटोकॉल पर आधारित होगा, जो पूरी दुनिया में एक समान रूप से किया जाता है। इस बड़े राजकीय आयोजन की गरिमा बढ़ाने के लिए कई वीआईपी हस्तियां भी मंच साझा करेंगी। डॉ. अर्चना के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्थानीय विधायक सीपी सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव एके सिंह और रांची विश्वविद्यालय की कुलपति समेत कई प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और गणमान्य लोग मौजूद रहकर सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। प्रशासन ने आम जनता से भी इस स्वास्थ्य मुहिम का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।