धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। लाखों की संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं, वहीं श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला भी लगातार जारी है। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद शिवभक्तों का अभिनंदन करने हरिद्वार पहुँच रहे हैं।
कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर शिवभक्तों का भव्य स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने के साथ चरण वंदन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार पहुंचकर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं शिवभक्तों के बीच पहुंचकर उनका अभिनंदन करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की जाएगी और उनकी आस्था का सम्मान करते हुए चरण वंदन कार्यक्रम आयोजित होगा। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य देशभर से देवभूमि आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराना है। सरकार चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है और लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट चुके हैं, जबकि श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ाएगा। जिला प्रशासन, मेला प्रशासन और संबंधित विभागों को कार्यक्रम के सफल संचालन के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शहरी विकास मंत्री ने विश्वास जताया कि मंगलवार को आयोजित होने वाला पुष्पवर्षा एवं चरण वंदन कार्यक्रम कांवड़ यात्रा का यादगार आयोजन साबित होगा। इसके माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड देशभर से आने वाले शिवभक्तों के प्रति अपनी श्रद्धा, सम्मान और आतिथ्य की परंपरा का संदेश देगा।

