govt-ads

सीएम धामी का विकास पैकेज: सड़कों, मंदिरों, सिंचाई और आपदा राहत के लिए 14 करोड़ रुपये मंजूर

Blog
 Image

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों को वित्तीय मंजूरी प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में सड़क निर्माण, मंदिरों का सौंदर्यीकरण, आंतरिक मार्गों का निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं का आधुनिकीकरण और प्राकृतिक आपदा प्रभावितों को राहत उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत सिरड के नैनीपातल से ग्राम पंचायत नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 79.87 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कल्याण सिंह अधिकारी की प्रतिमा स्थापना के लिए 32.49 लाख रुपये तथा चंपावत विधानसभा क्षेत्र में सेलागाड़ से कोटकेंद्री तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 40.53 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर भी सरकार ने विशेष ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 39.31 लाख रुपये की अवशेष धनराशि जारी करने की स्वीकृति दी है। इसके अलावा ग्राम कुशैल रसेपाटा स्थित प्राचीन सैम मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 59.80 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पौड़ी जिले के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 39.30 लाख रुपये की अवशेष राशि जारी करने का अनुमोदन किया गया है। वहीं अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भीमादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.50 लाख रुपये तथा सल्ट विधानसभा क्षेत्र के मल्ली मनिला मंदिर के लिए 98.80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्राम रामबाग हरिपुरा और ग्राम पंचाननपुर में गोविंद मंदिर धर्मशाला, मसीत मंदिर धर्मशाला तथा तालाब के समीप मंदिर धर्मशाला निर्माण की 2.54 करोड़ रुपये की योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 1.01 करोड़ रुपये जारी करने को भी मंजूरी दी गई है। इसी तरह चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मैरोली और बड़पास में आंतरिक मार्गों का इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण करने की 3.89 करोड़ रुपये की योजना के अंतर्गत 1.87 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने की स्वीकृति भी मुख्यमंत्री ने प्रदान की है। कृषि और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने अमृत योजना के तहत बीजापुर नहर के हेड के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण की 4.95 करोड़ रुपये की परियोजना को भी मंजूरी दी है। इससे सिंचाई व्यवस्था में सुधार होगा और किसानों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के लिए भी राहत का बड़ा निर्णय लिया है। उत्तरकाशी जिले की भटवाड़ी तहसील के धराली गांव में आपदा से क्षतिग्रस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भवनों के 13 प्रभावितों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 1.21 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह राशि पहले तीन प्रभावितों को वितरित 3.12 लाख रुपये के समायोजन के बाद शेष राहत राशि के रूप में जारी की गई है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, सड़क संपर्क मजबूत करने, किसानों की सुविधाओं में सुधार और आपदा प्रभावित परिवारों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से जहां स्थानीय स्तर पर आधारभूत सुविधाएं बेहतर होंगी, वहीं लोगों को आवागमन, सिंचाई, धार्मिक पर्यटन और सार्वजनिक सुविधाओं का भी सीधा लाभ मिलेगा।