दूरी के कारण अब नहीं छूटेगी पढ़ाई धामी सरकार बेटियों को देगी मुफ्त आवास और सुरक्षा

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड में दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा की राह अब और आसान होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बालिका छात्रावास बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सुदूर पहाड़ों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित आवास और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

अक्सर देखा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल और कॉलेज घर से काफी दूर होते हैं, जिसके कारण सुरक्षा और आवागमन की दिक्कतों की वजह से कई मेधावी छात्राएं बीच में ही पढ़ाई छोड़ देती हैं। धामी सरकार की इस योजना से ऐसी छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन ब्लॉकों में छात्राओं की संख्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित विद्यालयों में भूमि उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। छात्रावासों के बनने से न केवल छात्राओं का समय बचेगा, बल्कि वे सुरक्षित माहौल में रहकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगी। इसके साथ ही सरकार छात्रावासों में बिजली, पानी और सुगम सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता के लिए भी प्रतिबद्ध है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को उन विद्यालयों के चयन और भूमि आवंटन की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है, जहां छात्रावास बनाए जाने हैं। सरकार का मानना है कि यह कदम राज्य में महिला साक्षरता दर को बढ़ाने और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। अब उत्तराखंड की बेटियां स्कूल की दूरी या सुरक्षा की चिंता किए बिना अपने सपनों को उड़ान दे सकेंगी।