पुलिस मुख्यालय के पास हाई सिक्योरिटी जोन में युवक की गोली मारकर हत्या

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सचिवालय में कैबिनेट की अहम बैठक चल रही थी और उससे महज एक किलोमीटर दूर तिब्बती मार्केट में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो एक रिटायर्ड कर्नल के बेटे बताए जा रहे हैं। घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे स्कूटी सवार दो युवक तिब्बती मार्केट पहुंचे। उस समय अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड से टेनिस खेलकर लौट रहे थे और फल खरीद रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने नजदीक से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अर्जुन शर्मा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और शहरभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। यह इलाका देहरादून का सबसे संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र माना जाता है। तिब्बती मार्केट के पास सचिवालय, पुलिस मुख्यालय और प्रेस क्लब स्थित हैं, जहां लगातार वीआईपी मूवमेंट रहता है। ऐसे हाई-सिक्योरिटी जोन में दिनदहाड़े हत्या की घटना ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। हाल के दिनों में इसी क्षेत्र के आसपास पत्रकार पर हमला और पलटन बाजार में युवती की हत्या जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। घटना की गूंज सचिवालय तक पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने तत्काल गृह सचिव शैलेश बगौली को सख्त निर्देश जारी किए। गृह सचिव ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाने की भी बात कही गई है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा विधायक दिलीप रावत ने भी घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए कानून-व्यवस्था को और सख्त करने की जरूरत पर जोर दिया। फिलहाल पुलिस विभिन्न एंगल से जांच में जुटी है, लेकिन राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई इस वारदात ने आम जनता के मन में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है।