अब संघर्ष नहीं, कांग्रेस सरकार लाने का समय: कुमारी शैलजा ने कोटद्वार में कार्यकर्ताओं में भरा नया जोश

Blog
 Image

कोटद्वार। आगामी राजनीतिक चुनौतियों के बीच कांग्रेस ने कोटद्वार में कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए अपनी ताकत दिखाई। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आह्वान किया कि अब केवल संघर्ष करने का समय बीत चुका है, अब जनता के बीच जाकर कांग्रेस की सरकार लाने का समय आ गया है।

जनसभा को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार धरातल पर काम करने के बजाय केवल 'जुमलेबाजी' में यकीन रखती है। शैलजा ने पड़ोसी राज्य का उदाहरण देते हुए कटाक्ष किया कि वर्तमान में हरियाणा और उत्तराखंड की सरकारों के बीच अपराध, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर एक अघोषित 'कंपटीशन' चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के राज में युवा बेरोजगार है और भ्रष्टाचार चरम पर है। सम्मेलन में मौजूद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भाजपा के साथ यह लड़ाई व्यक्तिगत नहीं, बल्कि विचार और विचारधारा की है। गोदियाल ने दावा किया कि भाजपा के दो कार्यकाल देखने के बाद अब जनता को उनकी असलियत समझ आ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों का करारा जवाब देगी। सम्मेलन के दौरान स्थानीय नेताओं और बड़ी संख्या में पहुँचे कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों के लिए अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। कुमारी शैलजा ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अब एक सिपाही की तरह काम करेगा और भाजपा के दावों की पोल खोलेगा। इस दौरान पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे और संगठन की मजबूती पर बल दिया। कोटद्वार में हुए इस सम्मेलन ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस आने वाले समय में आक्रामक रुख अपनाते हुए सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है।